मानिकपुर/बरगढ़ (चित्रकूट)। चित्रकूट जिले में पिछले कई दिनों से जल रहे जंगलों की आग बुझने के बजाए और विकराल होती जा रही है। सोमवार को बरगढ़ और बरौंधा क्षेत्र के जंगल भी धधक उठे। यहां की आग तीन किमी के दायरे को अपने आगोश में ले चुकी है। बरगढ़ के जंगलों की आग राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के पास स्थित आदिवासियों की कालोनी सुचेता और एक गोशाला तक पहुंच गई, जिससे अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीम ने आग को काबू में करते हुए कालोनी और गोशाला को सुलगने से बचा लिया।
उधर, रानीपुर वन्यजीव विहार क्षेत्र के जंगलों में लगी आग की लपटें सोमवार को भी उठती रहीं। यहां की आग ने अपना दायरा बढ़ाते हुए मानिकपुर रेंज के सीमा से सटे मध्यप्रदेश के बरौंधा के जंगलों और रानीपुर वन्य विहार तक को चपेट में ले लिया, जिससे ये क्षेत्र भी आग से धधकने लगेे। वहीं, जंगलों की आग अब वन विभाग के बरगढ़ रेंज में पहुंच गई। जहां पर तीर्थ स्थल परानू बाबा के जंगल में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग तीन किमी दायरे में फैली हुई है। जिसको बुझाने के लिए वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम कड़ी मशक्कत कर रही है। उधर, बरगढ़ से रानीपुर वन्य जीव विहार और बरौंधा तक के जंगलों की आग 90 किमी के दायरे तक फैल चुकी है।
वहीं, राहत की बात है कि पाठा क्षेत्र के कई जंगलों में लगी आग नियंत्रण में आ चुकी है। वनकर्मियों की टीम फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम अभी भी कर रहीं हैं। वहीं, सुचेता कालोनी और गोशाला तक पहुंची आग को आननफानन में वन विभाग व फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से नियंत्रण में ले लिया। गोशाला में पुलिस की सहायता से 200 से अधिक मवेशियों को आग से झुलसने से बचाया लिया गया, लेकिन गोशाला में रखा भूसा जल गया। फिलहाल मौके पर अभी भी फायर ब्रिगेड की टीम, वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस मौजूद है।
इंसेट---
तराई इलाके भी आग से धधकने लगे
जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के मझगवां ब्लाक के बरौंधा क्षेत्र के तराई इलाके में भी आग लग गई। आग मुड़िया देव गांव, कुठला पहाड़, गोपालपुर, जवारिन, बनसागर, पहौंआ, भवर, कौंहारी, बीहरपुर, मुहुआडाढ़ी, बिगदरिन, सरैयन और पाथर कछार गांव पास स्थित जंगलों को भी अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे इन गांवों पर भी खतरा मंडराने लगा है। आग बुझाने और उसे नियंत्रित करने के लिए वन विभाग की टीम मशक्कत कर रही है।
इंसेट---
पुलिस के जवानों ने मवेशियों को बचाया
सोमवार को बरगढ़ क्षेत्र के परानू बाबा के जंगलों में लगी आग ने कलचिहा मोड़ के पास एक गोशाला तक पहुंच गई। चारों तरफ से धू-धू कर आग जल रही थी। इसी बीच बरगढ़ थाने के दरोगा अरविंद मिश्रा फोर्स संग गोशाला के अंदर घुसे और दो सौ से ज्यादा मवेशियों को बचाते हुए बाहर निकाला।
इंसेट---
आग से सुचेता कालोनी में मचा कोहराम
आग बरगढ़ कस्बा स्थित आदिवासियों की कालोनी सुचेता के पास तक पहुुंच गई, जिससे कोहराम मच गया। इसी बीच फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीम मौके परी पहुंची और आग को बुझा दिया। इसी तरह से बरगढ़ स्थित पालिटेक्निक कॉलेज तक भी आग पहुंच गई थी, जिसको भी कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया गया।
इंसेट---
लकड़ी की गुमटी में आग से हजारों राख
सरीला (हमीरपुर)। कस्बे में अज्ञात कारणों से लकड़ी की गुमटी में आग लगने से दुकानदार का सारा सामान जलकर राख हो गया। नगर के नंदे तालाब की गली में मूलचंद्र एक गुमटी में गुटका, नमकीन, बिस्किट, चाय, अंडा बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। मूलचंद्र ने बताया कि रविवार रात किसी ने गुमटी में आग लगा दी। सोमवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी तो देखा कि लकड़ी की गुमटी में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। मूलचंद्र हाथ पैर से दिव्यांग हैं। वह अपने भाई के दो लड़कों का भी इसी गुमटी से भरण पोषण करते थे। अग्निकांड से उनका करीब तीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। (संवाद)
इंसेट---
खंभे से जलती गिलहरी गिरी, पराली जली
मौदहा (हमीरपुर)। बिजली के खंभे में चढ़ी गिलहरी के जलते खेत में गिरने से आग लग गई, जिससे आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि जिस खेत में आग लगी उसकी कटाई हो चुकी थी, लेकिन खेत में खड़ी पराली राख हो गई। आसपास के किसानों ने मशक्कत कर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली। कस्बे के बाहर पढ़ोरी रोड में सोमवार सुबह बिजली के खंभे पर चढ़ी गिलहरी जलती हुई कबीरउद्दीन के खेत में गिर गई, जिससे खेत में खड़ी पराली में आग लग गई। आग की भयावहता को देखते आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया और काबू पाने के प्रयास किए जाने लगे। एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया ने खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही किसानों ने आग पर काबू पा लिया। खेत की फसल कटने के बाद हुई घटना से खेत मालिक का कोई नुकसान नहीं हुआ है। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-7-जालौन जिले के मुहम्मदाबाद में खेत में पराली में लगी आग।
चिंगारी से 10 बीघा पराली जली
मुहम्मदाबाद/कुठौंद (जालौन)। ट्रांसफार्मर की चिंगारी से सोमवार की सुबह खेत में रखी गेहूं की 10 बीघा की पराली जल गई। दमकल ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। किसान देव सिंह यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर की चिंगारी से आग लगी है। किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की हैं। उधर, कुठौंद क्षेत्र में सोमवार को दोपहर नैनापुर-भदेख़ मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने किसानों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। (संवाद)