भौरी। सदर कोतवाली अंतर्गत कोठिलिहाई गांव के पास झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर शाम को एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई और पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक और खलासी ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकले। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
पहाड़ी थाना अंतर्गत चकौंध गांव निवासी बुद्ध विलास (22) पुत्र बासुदेव दोस्त जयकरन (20) पुत्र चेहतुराम के साथ बाइक से उसकी नानी के यहां देवकली गांव जा रहा था। दोनों कोठिलिहाई गांव के पास पहुंचे ही थे, तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों दोस्त सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसमें बाइक चला रहे बुद्धविलास की मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जयकरन को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जयकरन के भाई राजकरण ने बताया कि बुद्धविलास मजदूरी करता था। वह पांच बहनों में अकेला भाई था। कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।