04 सीकेटीपी 11- एंबुलेंस में घायल महिला को लादते लोग व कर्मचारी-एंबुलेंस कर्मी
-भरतकूप से बदौसा सवारी लेकर जा रहा था ऑटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट/भरतकूप। थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े पेड़ में अनियंत्रित होकर एक ऑटो भिड़ गया। इससे सात सवारियां घायल हो गई। सभी को सीएचसी ले जाया गया। वहां एक को मृत घोषित करते हुए अन्य को रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक वृद्ध की और मौत हो गई। घटना के बाद ऑटो चालक फरार हो गया है।
भरतकूप से एक सीएनजी ऑटो सवारी भर कर दोपहर करीब एक बजे बदौसा जा रहा था। रौली कल्याणपुर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ऑटो महुआ के पेड़ से टकरा गया। इससे सवार बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के तिंदुरा गांव निवासी प्रीति देवी (32), अतर्रा थाना क्षेत्र के मनोहर पुरवा निवासी संपत देवी (50), सदर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर के लुढ़हा गांव निवासी महेंद्र पटेल (40), लुढ़हा की तिजिया देवी (58), सुदिनपुर निवासी विकास दुबे (28), तरौंहा निवासी भूरेलाल (75), सीतापुर चौकी क्षेत्र के भगनपुर निवासी रज्जू उर्फ रामनरेश (45) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी शिवरामपुर में भर्ती कराया। वहां रामनरेश को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक निमंत्रण में जा रहा था। अन्य को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान भूरेलाल की भी मौत हो गई। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऑटो तेज रफ्तार में होने की वजह से पेड़ से भिड़ गया है। चालक ऑटो छोड़ कर भाग गया है। ऑटो को कब्जे में ले लिया है।