चित्रकूट। एसओजी और कोतवाली कर्वी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की आठ बाइकें बरामद की हैं।
कोतवाल अभयराज सिंह ने बताया कि 23 अक्तूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक के साथ मानिकपुर रोड पर श्रीराम इंटरप्राइजेज के बोर्ड के पास खड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम पता मऊ के पिपरौंद निवासी साहिल यादव बताया।
साहिल की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी सात अन्य बाइकें बरामद की। साथ ही उसके साथी अतरौली निवासी नवनीत कुमार जाटव को भी पकड़ लिया। तलाशी में साहिल से छह सौ और नवनीत से चार सौ रुपये मिले हैं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बाइक चोरी कर झाड़ियों में छिपा देते थे और बाद में कानपुर ले जाकर बेच देते थे। साहिल ने बताया कि मार्च में जिलाधिकारी आवास के सामने से और पटेल उत्सव भवन पिपरावल पुल के पास से एक-एक बाइक चोरी कर 15-15 हजार में बेच दी थी। उसी पैसे से खर्च चला रहे थे। (संवाद)