चित्रकूट। मऊ थाना अंतर्गत नीबी ग्राम पंचायत के पतिनिया गांव में आम तोड़ने के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। धारदार हथियारों से हमले में 12 लोग घायल हो गए, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक पक्ष का आरोप है कि जान से मारने के लिए लाइसेंसी राइफल से फायरिंग भी की गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पतिनया गांव निवासी दो बच्चे बुधवार की शाम को पेड़ से आम तोड़ रहे थे। तभी वे आपस में भिड़ गए। मारपीट की जानकारी होने पर दोनों के परिजन भी आ गए और गालीगलौज के बीच धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में रणजीत, धर्मनारायण, रामबोध, जगदीश, इंद्रेश, रामबोध, आशीष, मनोज और दूसरे पक्ष के रामबली, भरैव, तोता, लक्ष्मन आदि घायल हो गए।
शिवकुमार पुत्र सूरज पाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि लक्ष्मण पुत्र उदयराज व रामबली ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायर कर जान से मारने की कोशिश भी की थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।