फोटो-05सीकेटीपी 02 लमिहारी गांव में बागे नदी पर बने पुल का जायजा लेते लोनिवि प्रांतीय खंड के सह
चित्रकूट। जिले में यातायात की सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राजापुर से बांदा कमासिन को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पयश्वनी और बागे नदी पर चार दशक पहले बने दो पुलों की मरम्मत होगी, इसमें पुराने पुलों की बेयरिंग बदलने के संग रंग-रोगन होगा। साथ ही पुल के एप्रोच रोड की भी मरम्मत होगी। इस पर करीब सवा दो करोड़ रुपये व्यय होंगे। इससे राहगीरों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
राजापुर से बांदा के कमासिन बबेरू को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग में पड़ने वाले महुवा गांव के पास पयश्वनी नदी व लमिहारी गांव के बागे नदी में वर्ष 1986-87 में पुल का निर्माण हुआ था। तब से अभी तक एक भी बार मरम्मत नहीं हुई है। इससे पुल में लगी बेयरिंग करीब-करीब खराब हो चुकी हैं। इससे पुल से निकलते समय आवाज होती है। साथ ही दोनों पुलों के एप्रोच मार्ग खराब और रेलिंग भी जर्जर हो चुकी है। इसके लिए विभाग ने कई बार मरम्मत के लिए प्रस्ताव भी भेजा था। काफी दिनों के बाद अब प्रस्ताव पास हुआ है। इसके लिए अधिकारियों ने पुलों का निरीक्षण भी कर लिया है।
पुलों की मरम्मत पर व्यय होंगे सवा दो करोड़
महुवा गांव के पास पयश्वनी नदी में बने पुल की मरम्मत एक करोड़ 11 लाख 17 हजार रुपये और लमिहारी गांव के बागे नदी में बने पुल की मरम्मत एक करोड़ 13 लाख 65 हजार रुपये से कराई जाएगी। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू होगा।
-
लोनिवि के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता संजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पुलों की मरम्मत के लिए बजट जारी हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।