चित्रकूट। ठंड से इन दिनों जिले का मौसम बिगड़ा है। बुखार व पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वृद्धा समेत दो की मौत हो गई जबकि शिक्षक समेत पांच को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जनपद अलीगढ़ निवासी शिक्षक संजय कुमार पुत्र गुलबीर सिंह मंगलवार की शाम डीआईओएस कार्यालय के कार्य के लिए मुख्यालय स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे थे। रात्रि में अचानक ठंड से हालत बिगड़ने पर मानिकपुर के रिश्तेदार दीपक ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। फतेहपुर जिले के धाता के जाजीपर गांव की फूलकुमारी (70) पत्नी श्रीपाल की अचानक हालत बिगड़ने पर रिश्तेदारों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मौत होने से परिजनों में शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि वृद्धा को दो दिन से बुखार भी था। इसी क्रम में राजापुर के घुरेहटा गांव निवासी सूरत पुत्र आशादीन की बुखार के चलते मंगलवार की शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा अस्पताल में सरधुआ निवासी गुलाब चंद्र, रंपुरवा निवासी सुखरनियादेवी, एलहा निवासी राजकरन व कपसेठी निवासी संदीप को बुखार व पेटदर्द से पीड़ित होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।