दो दिन तक पानी की समस्या से जूझने के बाद सोमवार की सुबह शहरवासियों को राहत मिली। अमर उजाला ने लगातार दो दिन शहरवासियों की पेयजल समस्या को प्रमुखता को उठाया। तब जाकर अधिकारी हरकत में आए और नलों से पानी पहुंचा। वहीं नई पानी की टंकी से तरौंहा की आपूर्ति चालू तो हुई, लेकिन कनेक्शन न होने से ऊंचाई पर रहने वाले चार वार्ड के लोगों को कोई राहत नहीं मिली है।
जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों की आपसी खींचतान के बाद आखिरकार सोमवार को शहरवासियों को पानी मिला। खासकर शंकर बाजार, कुबेरगंज, बस स्टैंड, शत्रुघनपुरी, नई बाजार व स्टेशन रोड के निवासियों को काफी राहत मिली। मोहल्ले की रागिनी देवी और नीलू सिंह ने बताया कि तीन दिन बाद समय से पानी मिला है। तीन दिन पानी न मिलने से दूर दराज लगे हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा था।