सोमवार की सुबह लाखों का माल लादकर मुख्यालय की ओर आ रहा ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। हाइवे पर आग की लपटों से घिरे ट्रक को छोड़कर चालक व परिचालक भागे और पुलिस सूचना दी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान 30 लाख का माल जलकर राख हो गया।
कानपुर से लखनऊ - बांदा ट्रांसपोर्ट से संबद्ध एक ट्रक मुख्यालय की ओर आ रहा था। जैसे ही ट्रक गोंडा मोड़ के पास पहुंचा तो एक बाइक चालक ने ट्रक चालक को बताया कि उसके ट्रक के पिछले हिस्से में आग लगी है। इतना सुनते ही चालक हरिकरन निवासी बेलाघाट बांदा ने कुछ दूर जाकर ट्रक को खड़ा कर दिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुजीत कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रक को खिंचवाकर सड़क किनारे ले जाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंची किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन ट्रक में लदा सारा माल और ट्रक जल गया। चालक हरिकरन के अनुसार लगभग 30 लाख का नुकसान हुआ है। चालक ने बताया कि ट्रक में ट्रांसपोर्ट का विभिन्न प्रकार का माल लदा था।