झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरतकूप थाना क्षेत्र के सुदिनपुर मोड़ पर ट्रक ने सामने से आ रही बाइक पर टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन चचेरे भाइयों में से दो की मौत हो गई। तीसरे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
बांदा के बदौसा थाना क्षेत्र के बरकतपुर गांव निवासी चचेरे भाई अब्दुल रहमान उर्फ नफीस (26) पुत्र अजीज खां, मुश्ताक खान (20) पुत्र पीर खां और जावेद (18) पुत्र रमजानी बाइक से गुरुवार की दोपहर कर्वी आए थे। अब्दुल के दोस्त अनवर ने बताया कि तीनों कर्वी में दोस्त के बुलावे पर शहद लेने आए थे। शाम को घूमने के बाद गुरुवार की रात बाइक से गांव जा रहे थे। सुदिनपुर मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना भरतकूप पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया। चचेरे भाई अब्दुल रहमान और मुश्ताक खान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उधर, जावेद की हालत गंभीर होते देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसकी सूचना पुलिस ने परिवारीजनों को दी। इससे कोहराम मच गया। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतकों के परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार पैतृक गांव में करेंगे। थाना प्रभारी सूबेदार बिंद ने बताया कि बाइक में तीन युवक सवार थे। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
अब्दुल रहमान के पिता अजीज खां ने बताया कि चार भाई व एक बहन में अब्दुल दूसरे नंबर का था। मां अरकुननिशा को रो-रोकर हाल बेहाल है। वह मुंबई शहर में रहकर एक फैक्टरी में काम करता था। 20 मार्च को कोर्रही बिसंडा में उसकी सगाई होनी थी और यह हादसा हो गया। पिता पीर खां ने बताया कि मुश्ताक चार भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। वह कृषि कार्य करता था। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।