चित्रकूट। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कर्वी और राजापुर में दो बाईपास बनेंगे। मानिकपुर के ऐतिहासिक शबरी जल प्रपात का नाम नहीं बदला जाएगा। उन्होंने ये बातें सीतापुर कस्बे में स्थित रामायण मेला परिसर में आयोजित जनसभा में कही।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यहां के युवाओं को रोजगार देने के लिए बरगढ़ क्षेत्र में पेप्सिको प्लांट लगाया जा रहा है। बुंदेलखंड के हर गांव में घर-घर पानी उपलब्ध कराने के लिए पेयजल योजना चल रही है। गरीब कल्याण योजना से चित्रकूट के निवासियों को भी लाभ मिला है। कहा कि भाजपा सरकार के पहले का और आज के चित्रकूट में बहुत परिवर्तन आ चुका है। यह परिवर्तन भ्रष्टाचार रोकने के कारण आया है। बेईमानी रोकने और गुंडागर्दी खत्म करने के कारण आया है।
डिप्टी सीएम ने धर्मनगरी के रामायण मेला परिसर में साढे़ नौ करोड़ की लागत से विभिन्न विभागों की 75 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। रामायण मेला परिसर में विकास कार्यों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया।
इसके बाद विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र दिया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के पांच-पांच व एनआरएलएम के समूह के सदस्यों को स्वीकृति चेक दिया। अन्न प्राशन व गोद भराई का कार्यक्रम भी हुआ। डिप्टी सीएम ने शिवरामपुर क्षेत्र के लैनाबाबा तीर्थ स्थान के पास बने अमृत सरोवर तालाब में पूजन अर्चन के बाद लोकार्पण किया। उन्होंने लैना बाबा मंदिर में दर्शन भी किए।
सांसद आरके सिंह पटेल, अपना दल विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, प्रभारी देवेश कोरी, पूर्व सांसद रमेश द्विवेदी, चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता, ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, पंकज अग्रवाल, भागवत त्रिपाठी, प्रेमलाल वाल्मीकि, श्याम गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, बद्री विशाल त्रिपाठी, जय भारत, अभिषेक निषाद भी मौजूद रहे।
फोटो-3- राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में संबोधन करते यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT