पहाड़ी-नांदी रोड पर मंगलवार सुबह ओवरलोड ट्रक के फंसने से जाम लग गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। नांदी के हनुमानजी मंदिर जाने वाले भक्त भी जाम में फंसे रहे।
ओवरलोड ट्रकों के कारण पहाड़ी-नांदी रोड खस्ताहाल होती जा रही है। मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे बीच सड़क पर एक बालू लदा ट्रक फंस गया। इसके कारण वाहनों की आवाजाही थम गई। घंटों लोग जाम में फंसे रहे।
सबसे ज्यादा परेशानी का सामना उन श्रद्धालुओं को करना पड़ा जो नांदी के हनुमानजी मंदिर दर्शन को जा रहे थे। राजू पांडे, रौनक पांडे, शिवप्रसाद पांडे, अवधेश चतुर्वेदी, श्याममूरत आदि ने बताया कि जाम लगे होने की वजह से उन्हें पैदल छह किमी का रास्ता तय करना पड़ा।
उधर, फंसे ट्रक के चालक ने बताया कि वह गढ़ी घाट से बालू लेकर आ रहा था तभी ट्रक गड्ढे में फंस गया। गढ़ीघाट और ओरा घाट होने से यहां बालू लदे ट्रकों की आवाजाही लगी रहती है। इसके चलते अक्सर जाम भी लगता है।
थानाध्यक्ष पहाड़ी शैल कुमार सिंह ने बताया कि ओवरलोड ट्रक और अवैध खनन पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। खनिज अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि यहां पर नया घाट ओरा खुला है, जिसके ट्रकों की आवाजाही ही इस मार्ग पर होती है। वह फिर चेतावनी जारी करेंगे कि ट्रकों को ओवरलोड न किया जाए।