बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक कलह और जमीनी विवाद से परेशान एक किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह गांव के बाहर पेड़ पर शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के टच चटगन गांव की है। गांव निवासी 40 वर्षीय किसान रामपाल का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मृतक के बेटे विष्णु ने बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। आरोप है कि करीब सात माह पहले चाचा समेत अन्य परिजनों ने विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर उसके पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
बेटे का कहना है कि विवाद और लगातार मिल रही धमकियों से उसके पिता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देहात कोतवाली प्रभारी सीपी तिवारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।