चित्रकूट। कोषागार में हुए 43.13 करोड़ के घोटाले में जेल में बंद 35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के लिए बृहस्पतिवार को एसआईटी टीम पांच हजार पन्नों के संग कोर्ट गई। वहां पर पांच घंटे तक चार्जशीट दाखिल करने की कागजी कार्रवाई पूरी करने में उलझी रही। जांच में समय लगने से टीम आरोप पत्र दाखिल नहीं कर सकी। अब शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल होने की उम्मीद है।
17 अक्तूबर को चित्रकूट के कोषागार में पेंशन और एरियर भुगतान में अनियमितताएं होने का खुलासा हुआ था। इस मामले में चार विभागीय अधिकारी व कर्मचारी, पेंशनर समेत 93 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की विवेचना में आठ बिचौलियों के नाम सामने आए थे। करीब तीन माह से चल रही एसआईटी की जांच में अब तक 35 आरोपियों को गिरफ्तार एसआईटी जेल भेज चुकी है। जेल में निरुद्ध 35 आरोपियों की जांच पूरी कर एसआईटी टीम ने पांच हजार पन्नों का आरोप पत्र तैयार किया है।
इनके खिलाफ तैयार हुए आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल करने के लिए टीम कागजी कार्रवाई पूरी करने में जुटी रही। बृहस्पतिवार को एसआईटी की टीम पांच हजार पन्नों के आरोप पत्र को लेकर कोर्ट गई। एसआईटी टीम को अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की कागजी कार्रवाई पूरी करने में करीब पांच घंटे का समय लगा। लेकिन जांच पूरी न होने से एसआईटी टीम आज भी चार्जशीट जमा नहीं हो पाई, हालांकि सीजेएम कोर्ट ने चार्जशीट देखने के बाद अलग-अलग 35 सेट प्रस्तुत करने को कहा। जिस पर टीम वहां से बैरंग लौट आई। अब शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल की संभावना जताई जा रही है।
-
एक दिन की मिली रिमांड
कोषागार घोटाले के 35 आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को चार्जशीट दाखिल नहीं हो सकी। जेल में बंद आरोपियों की रिमांड भी पूरी हो रही थी। इस कारण एसआईटी ने सभी के लिए एक दिन रिमांड की अर्जी न्यायालय में डाली, जो मंजूर भी हो गई। अब शुक्रवार को चार्जशीट की प्रक्रिया पूरी होगी।
बोले जिम्मेदार
सीओ अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि चार्जशीट के पर्यवेक्षण में समय लगने से दाखिल नहीं हो सकी है। शुक्रवार को दाखिल की जाएगी।