चित्रकूट। शहर की सड़कों और गलियों में कचरा फेंकने वालों पर अब जुर्माना लगाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी न्यायिक व स्थानीय निकाय प्रभारी अधिकारी अरुण कुमार ने यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने शत प्रतिशत कर वसूली के भी आदेश दिए हैं।
नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम के कार्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व घरों से स्वच्छता के लिए यूजर चार्ज वसूला जाएगा। इसे टैक्स के साथ बोर्ड में पारित कर अप्रैल माह से लागू करने को कहा गया है। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला और कर निरीक्षक राहुल पांडे ने बताया कि 313 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। 60 कर्मचारियों की कमी है, जिनकी जल्द भर्ती करने के निर्देश दिए गए। घर व प्रतिष्ठान के सामने कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना व विधिक कार्रवाई होगी। सफाई नायकों को एक सप्ताह में ऐसे लोगों की सूची तैयार करने को कहा गया है।
आय बढ़ाने के उपाय
कर वसूली का लक्ष्य 1 करोड़ 54 लाख रुपये है, जिसके सापेक्ष अब तक केवल 26 हजार रुपये की वसूली हुई है। ईओ और कर निरीक्षक को मार्च माह में लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने के निर्देश मिले। पालिका की आय बढ़ाने के लिए नगर क्षेत्र में पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। विज्ञापन के लिए होर्डिंग टेंडर प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने को कहा गया है। बैठक में ईओ लालजी यादव समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।