फोटो न- 09सीकेटीपी 01 अस्पताल गेट पर खड़े ई- रिक्शा व ऑटो। संवाद
चित्रकूट। जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर ई-रिक्शा और बाइकों के खड़े रहने से मरीजों व एंबुलेंस को भारी परेशानी हो रही है। रोजाना तीन सौ से चार सौ मरीज अस्पताल पहुंचते हैं, जिन्हें गेट के अंदर जाने में दिक्कत होती है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
गंभीर मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस को भी गेट के सामने खड़े वाहनों के कारण अंदर जाने में परेशानी होती है। कई बार एंबुलेंस चालकों को ई-रिक्शा हटने का इंतजार करना पड़ता है। मरीज श्रवण सिंह और सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें गेट के पास खड़ी बाइकों और ई-रिक्शा के कारण अंदर जाने में दिक्कत हुई।
जितेंद्र कुमार ने एक पुरानी घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दो साल पहले एक वृद्ध मरीज को बाइक ने टक्कर मार दी थी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद भी आज तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।
ई-रिक्शा चालक मोहन और रोहित कुमार ने मजबूरी बताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल से निकलने वाले मरीज गेट के पास ही खड़े रहते हैं, इसलिए उन्हें वहां रुकना पड़ता है।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी इंचार्ज अंशुल कुमार सिंह ने बताया कि गेट के जो भी ई रिक्शा गेट के सामने खड़ा होता है। उसको गेट के सामने खड़ा करने से मना कर दिया जाता है। बाइक चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर बाइक खड़ी करने के लिए कहा जाता है।
-
सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार का कहना है कि जिला अस्पताल गेट के सामने खड़े होने वाले ई रिक्शों को हटवाने के लिए पत्र लिखा गया है। शिकायत पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ई रिक्शों को हटवाते हैं।