चित्रकूट। चोरी की भैंस लेकर जा रहे वाहन को पुलिस ने पकड़ लिया। जिसमें दस भैंस बरामद हुई और तीन चोर भी दबोचे गए हैं। यह मवेशी अलग-अलग गांव से चोरी कर इलाहाबाद की ओर ले जाया जा रहा था।
ऐंचवारा के घटताल तालाब के पास एक भूसे की दुकान के पास संदिग्ध लोडर व कई मवेशियों की मौजूदगी की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी होेते ही बहिलपुरवा थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर कुछ लोग इधर उधर भागने लगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि भैंस चोरी की जानकारी 24 घंटे से मिल रही थी। मौके से दस भैंस व एक लोडर को बरामद किया गया। पकड़े गए सिद्धपुर निवासी गोरेलाल पटेल पुत्र राजाराम पटेल,छोटी मडैययन निवासी विजय कुमार पुत्र नत्थू प्रसाद और रानीपुर भट्ट निवासी शारदा प्रसाद पुत्र शिवप्रसाद ने बताया कि सभी मवेशी इलाहाबाद और कौशांबी जिले की ओर ले जा रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह भैंसें अलग-अलग गांव से चोरी की गई थीं। जिनके मवेशी हैं उन्हें लौटाए जाएंगे।