भरतकूप चौकी क्षेत्र के गाेंडा पहाड़ में अवैध रूप से खनन और ब्लास्टिंग करने के मामले में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि पांच लोग भाग गए। पुलिस का कहना है कि ये लोग दूसरे की खदान में खनन कर रहे थे।
भरतकू प चौकी प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग छह बजे उन्हें गोंडा पहाड़ में अवैध खनन होने की सूचना मिली। इस पर वह हमराहियों के साथ वहां पहुंचे तो ये लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। वहां ब्लास्टिंग करते तीन लोगाें को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास से एक ट्रैक्टर ट्राली, कंप्रेशर मशीन लगा ट्रैक्टर, डायनामाइट, फावड़े आदि बरामद हुए हैं।
आरोपियों के नाम नत्थू यादव, गोविंद निवासी गोंडा और दीपक निवासी पालदेव हैं। वहीं खनन कर रहे पांच लोग मौके से भाग निकले। चौकी प्रभारी ने बताया कि जिस खान में आरोपी खनन कर रहे थे, उस गाटा संख्या 715 का लाइसेंस, उदयभान सिंह के नाम से है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ट्रैक्टर मालिकों को दोषी मानकर कार्रवाई की जाएगी।