चित्रकूट। हाईवे पर सदर कोतवाली अंतर्गत खोह गांव के पास कार व बाइक की आमने सामने से टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से तीनों को डॉक्टर ने रेफर कर दिया है।
झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के खोह रेलवे क्रासिंग के पास रविवार की दोपहर सिद्धपुर गांव निवासी अरविंद(23), सुमित (24) व गडढूपुर निवासी अजय (23) तीनों बाइक से सिद्धपुर से गडढूपुर जा रहे थे। खोह रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तो सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें राहगीरों व पुलिस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल मे भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर हालत नाजुक देख उन्हें प्रयागराज रेफर किया है।
इसके अलावा राजापुर थाना क्षेत्र रामपुरिया गांव निवासी गोविंद व छग्गी लाल दोनों बाइक से अतरौली से घर आ रहे थे। गनीवां के पास कार ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के मड़ैयन गांव के वीरेंद्र और सतेंद्र शनिवार की देर शाम बाइक फिसलने से गिरकर घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।