शिवरामपुर। घर के बाहर बंधी भैंस को चोर ले गए। महिला ने पुलिस बुलाकर चोरों को पहचान लिया तो आरोपियों ने महिला के घर आकर तमंचा दिखा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने शिवरामपुर पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र ग्राम बगलई के मजरा अरखन पुरवा निवासी माया देवी पत्नी शिवकरन ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार की रात को अज्ञात लोग उसके घर के बाहर बंधी भैंस को ले गए। सुबह जानकारी होने पर 112 डायल कर पुलिस को बुलाया। वह तथा उसका पति, पड़ोस के लोग भैंस को खोजने चल दिए। जब वह ग्राम पडरी के मउहारी बाबा स्थान के पास पहुंचे तो उन सबको देखकर भैंस चोर भागे। भागते समय पीड़िता ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को पहचान लिया।
दूसरे दिन उसके घर उलाहना देने गई तो उसके परिवार के पांच लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर दरवाजे से भगा दिया। इसके कारण अगले दिन वह लोग तमंचा लेकर उसके दरवाजे पर पहुंचे। असलहा लहराते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग कर कहा कि हमारे घर उलाहना देने गई थी। जब गाली देने से मना किया तो हमलावर घर में घुसकर उसे तथा उसकी मां को मारापीटा। जिससे उनके शरीर में गंभीर चोटें आई है। शोरगुल सुन मोहल्ले के लोगों ने बचाया। जाते समय हमलावर धमकी दे गए कि घटना की रिपोर्ट किया तो जान से मार देंगे। पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।