मानिकपुर। थाना क्षेत्र के मानिकपुर-सतना रोड पर मानिकपुर कस्बे के जवाहर नगर के पास ट्रक ने पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मार दी। मजदूर ट्रक की चेसिस में फंस गया। ट्रक 50 मीटर दूर तक उसे घसीटता रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटना शुक्रवार देर शाम को हुई।
सतना की ओर से मानिकपुर एक ट्रक शुक्रवार को आ रहा रहा था। जब वह जवाहर नगर के पास पहुंचा तभी जवाहर नगर निवासी अर्जुन कोल (35) घर से निकलकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वे ट्रक में फंसकर लगभग 50 मीटर घसीटते चले गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही कस्बावासी एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष मानिकपुर दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि ट्रक व चालक को पकड़ लिया गया है।