चित्रकूट। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मस्जिदों में मंदिर ढूंढने वाली भाजपा सरकार सुंदरीकरण के नाम पर अयोध्या और वाराणसी में कई मंदिर तोड़ चुकी है। इतना ही नहीं कई वटवृक्ष भी काटे जा चुके हैं। उन्होंने यह बात कांग्रेस सेवादल के प्रशिक्षण शिविर के दाैरान कही। संभल कांड के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब तो संघ प्रमुख मोहन भागवत का भी बयान आ गया कि मंदिर-मस्जिद ढूढ़ना बंद करो।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में जनहित के उठाए जाने वाले मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा आए दिन कोई न कोई आरोप राहुल गांधी पर लगा रही है। डॉ. आंबेडकर का केंद्रीय गृह मंत्री ने अपमान किया है। संविधान को बदलने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे। संसद परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सांसदों को धक्का देने के आरोप को नकारते हुए कहा कि भाजपा लोकसभा में उठाए जाने वाले महंगाई, बेरोजगारी, अडानी, किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह सब कर रही है।