फोटो - 09 श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत मासूम के लिए प्रार्थना करते लोग। संवाद
- श्रद्धांजलि सभा में आमजन, व्यापारियों व समाजसेवियों ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
बदौसा। चित्रकूट के बरगढ़ में आयुष केसरवानी के अपहरण और निर्मम हत्या के विरोध में समाजसेवियों और व्यापारियों ने रोष जताया है। उन्होंने शांति सभा का आयोजन कर दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग क्षेत्र के फतेहगंज में बड़ी संख्या में समाजसेवी और व्यापारी एकत्र हुए। उन्होंने मासूम की जघन्य हत्या पर गहरा रोष व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि इस नृशंस हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और हर माता-पिता के मन में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है।
व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि ऐसी घटनाओं पर केवल शोक व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर ऐसी सख्त सजा दी जाए जो समाज में उदाहरण बने। साथ ही, अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर यह स्पष्ट संदेश दिया जाए कि अपराध करने वालों के लिए इस समाज में कोई स्थान नहीं है।