मऊ/बरगढ़ (चित्रकूट)। बरगढ़ ग्राम समूह पेयजल योजना को बिजली आपूर्ति करने वाले 800 मीटर बिजली तार चोर काट ले गए।इससे करीब 80 गांवों में पेयजल संकट बना है। यह समस्या पिछले चार दिनों से गहराई है। रही सही कसर पुलिस ने पूरी कर दी। उसने विद्युत विभाग की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गांवों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
बरगढ़ घाटी के पास स्थित इस योजना से 15 ग्राम पंचायतों के लगभग 80 मजरों में पानी की आपूर्ति होती है। 17 मार्च की रात को पंप हाउस के पहले जंगल में खंभे तोड़कर करीब आठ सौ मीटर तार चोरी किए गए थे। विभाग ने तार जोड़कर आपूर्ति शुरू कराई, लेकिन अगले ही दिन चोरों ने फिर सात खंभों के तार काट दिए, जिससे पंप हाउस में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे पंप हाउस में बिजली आपूर्ति बंद हो गई और 80 मजरों में पेयजल संकट पैदा हो गया।
ग्रामीणों में पानी के लिए हाहाकार मच गया। लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए इधर उधर भटकने लगे हैं। हैंडपंपों व घरेलू नलकूपों में पानी भरने के लिए लोगों की लाइन लगने लगी है। पंप हाउस के कर्मचारियों ने बिजली विभाग को तार चोरी होने की सूचना दी, लेकिन विभाग ने कोई सुनवाई नहीं की। चार दिन बाद लोगों के दबाव के कारण बिजली कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तार व खंभे मंगा कर मरम्मत का काम शुरू कराया। शनिवार देर शाम तक मरम्मत का काम पूरा होने की उम्मीद है। फिलहाल शाम तक पानी की आपूर्ति चालू नहीं हो सकी है।
-
इन गांवों को होती पेयजल आपूर्ति
बरगढ़ ग्राम समूह पेयजल योजना से बरगढ़, कोलमजरा, कोनिया, अरवारी, मुरका, ओबरी, सेमरा, धौनेहा, मोजरा, पनहाई, नहर पुरवा, उसरी, गाहुर, मनका, पतेरी, गोइया, कोल्हाई, मढ़हा, शिवपुर, डोरिया, कोटवा कनियाड़, कोनिया जमीरा, बोझ सहित करीब 80 मजरों में पानी की सप्लाई होती है। पिछले चार दिनों से यहां पेयजल समस्या बनी हुई है।
-
ग्रामीणों ने सुनाया दर्द :
फोटो 21सीकेटीपी 24 धर्मेंद्र शुक्ला। संवाद
मनका गांव निवासी धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि गांव में पिछले चार दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। पता चला है कि चोर बिजली की तार काट ले गए हैं। इससे जलापूर्ति नहीं हो रही है।
-
फोटो 21सीकेटीपी 25 संतोष। संवाद
बरगढ़ निवासी संतोष जैन का कहना है कि पानी की सप्लाई न आने से परेशानियां हो रही हैं। पीने के पानी के लिए हैंडपंपों में लाइन लगाकर भरना पड़ा है। इससे पानी के चक्कर में घंटों का समय बर्बाद होता है।
-
बोले जिम्मेदार-
पेयजल योजना के जेई हरिकेश सिंह ने बताया कि तार चोरी होने के बाद योजना से पानी की सप्लाई बंद है। इससे ग्रामीणों के लगातार फोन आ रहे हैं। शनिवार रात तक तार जोड़ कर सप्लाई चालू करवाई जाएगी।
-
एसडीओ विद्युत ललित बाजपेयी ने बताया कि दो दिन लगातार बिजली तार की चोरी हुई है, तहरीर के बाद भी बरगढ़ पुलिस ने प्राथमिकी नहीं दर्ज की है। वहीं थाना प्रभारी शिव आसरे ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
फोटो- 21सीकेटीपी 23 बरगढ़ पेयजल योजना का संयंत्र भवन। संवाद
फोटो- 21सीकेटीपी 23 बरगढ़ पेयजल योजना का संयंत्र भवन। संवाद