चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बघवारा के रामदास का पुरवा में बिजली के खंभा में लगी सपोर्ट में एक युवक का हाथ छू गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
बघवारा के रामदास का पुरवा निवासी पवन कुमार ने बताया कि चचेरा भाई सतेंद्र कुमार (27) शनिवार की रात करीब नौ बजे खेत से गेहूं काटकर गाय लेकर आ रहा था। गांव किनारे पहुंचते ही गाय भागने लगी तो भाई भी दौड़ा और बिजली के खंभा में बंधी सपोर्ट तार को पकड़कर गाय को रोकने की कोशिश की। तभी वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। उसको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से पत्नी बुद्धरानी, बेटी दीपांजलि, सुहानी व भाई जगदीश, रामरूप, रामसरन, देवसरन का हाल बेहाल हो गया। थाना प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।