जिला अस्पताल अब तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा। अस्पताल परिसर में आए दिन होने वाली चोरी व चिकित्सकों की लापरवाही को नियंत्रण रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है। प्रथम चरण में कुल 16 कैमरे लगेंगे।
सीएमएस डा. एनके गुप्ता ने बताया कि आए दिन अस्पताल परिसर से बाइक चोरी की घटना हो रही हैं। ओटी और कुछ वार्डों से सामान चोरी की जानकारी भी सामने आई है। इस पर रोक लगाने के लिए अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
कैमरा लगने से चिकित्सक भी ड्यूटी पर लापरवाही नहीं कर सकेंगे। सभी चिकित्सकों की गतिविधियां कैमरे में कैद होंगी। प्रथम चरण में ओटी गेट, इमरजेंसी गेट, वार्ड की ओर आने जाने वाले मार्ग पर कैमरा लगेंगे। इसका नियंत्रण सीएमएस कार्यालय से होगा। सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर रही बनारस के एवी सिस्टम कंपनी के आशीष खन्ना ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर सभी कैमरे लग जाएंगे।