चित्रकूट। तुलसी एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रही महिला का पर्स लेकर भाग रहे दो चोरों को जीआरपी ने दबोच लिया। तहरीर पर मामला दर्ज कर जेल भेजा है। कब्जे से आधा दर्जन मोबाइल, नकदी व बाइक बरामद हुई है।
चोरों को रंगेहाथ दबोचने का ये मामला सोमवार का है। पीड़ित नागेश शुक्ला पुत्र श्रीकृष्ण निवासी यशोधा नगर थाणे महाराष्ट्र ने बताया कि पत्नी के साथ तुलसी एक्सप्रेस के एची कोच ए 1 से प्रयागराज जा रहा था। जैसे ही चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन में ट्रेन रूकी तो कोच में दो चोर आए और पत्नी का पर्स लेकर भागने लगे। यह देखकर शोर मचाया तो प्लेटफ ार्म पर मौजूद जीआरपी ने रंगेहाथ दबोच लिया।
कब्जे से आधा दर्जन मोबाइल, 11 हजार तीन सौ रुपये व निशानदेही पर स्टेशन परिसर में खड़ी बाइक बरामद किया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेजा है। गिरफ्त में आए चोरो ने अपना नाम, पता लकी गुप्ता उर्फ ओमप्रकाश पुत्र लल्लू निवासी रौली व संजय पुत्र केशव निवासी चकभटौरा भरतकूप बताया है। जीआरपी थानाध्यक्ष एके सरोज ने बताया कि लकी गुप्ता के खिलाफ पूर्व से कई मामले पंजीकृत है।