चित्रकूट। मानिकपुर विधानसभा के उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया का पांचवां दिन बेहद नाटकीय रहा। पहला नामांकन बसपा के अधिकृत प्रत्याशी राजनारायण कोल ने किया वहीं भाजपा के लोकनिर्माण विभाग के राज्यमंत्री (सदर चित्रकूट विधायक) चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने भी पर्चा खरीदकर राजनीतिक विशेषज्ञों को चौंका दिया। भाजपा से पहले ही प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने पर्चा खरीदा है। शुक्रवार को भाजपा नेता जगदीश गौतम ने भी पर्चा खरीदा। इसके अलावा सपा नेता आनंद त्रिपाठी के पर्चा खरीदने के बाद सपाई डा. निर्भय सिंह पटेल ने शुक्रवार को नामांकन के लिए पर्चा खरीदा। सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में अबतक सिर्फ एक नामांकन हुआ और 15 पर्चे बिक चुके हैं।
शुक्रवार केा दिनभर बारिश के बीच नामांकन कक्ष में दोपहर तक सन्नाटा पसरा रहा। अचानक दोपहर बाद बसपा के पूर्व विधायक चंद्रभान सिंह पटेल व वरिष्ठ नेता कौशलेश सिंह के साथ बसपा प्रत्याशी राजनारायण कोल उर्फ निराला ने वैधानिक तरीके से नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। रिटर्निंग आफीसर राजबहादुर ने बताया कि अब तक सिर्फ एक ही नामांकन पर्चा दाखिल हुआ है। अचानक भाजपा सरकार के लोकनिर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय नामांकन कक्ष के पास पहुंचे। पहले लगा कि उनके साथ कोई पार्टी कार्यकर्ता नामांकन करने आया है लेकिन वह अंदर जाकर अपने नाम का पर्चा खरीदा। भाजपा के ही गांधीगंज कर्वी निवासी जगदीश गौतम ने भी पर्चा खरीदा।
सदर चित्रकूट विधानसभा के विधायक व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद के पर्चा खरीदने से अचानक सरगर्मी बढ़ गई। राजनीति के जानकार भी चकरा गए आखिर एक विधायक व मंत्री ने दूसरी विधानसभा सीट के लिए पर्चा किस मकसद से लिया है। शाम को अमर उजाला से बातचीत में मंत्री ने बताया कि वह अभी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी हैं। जिलाध्यक्ष के रूप में ही उन्होंने पर्चा खरीदा है और उसमें विकल्प के रूप में लिखा है कि पार्टी जिसे प्रत्याशी घोषित कर देगी उसे यह पर्चा दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवकाश के कारण शनिवार व रविवार को नामांकन पर्चा नहीं मिलेगा। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ता हर हाल में नामांकन करेगा। इसलिए किसी विपरीत परिस्थिति से बचने के लिए यह पर्चा लिया गया है।
आज इतने बिके पर्चे
चित्रकूट। शुक्रवार को आजाद नगर कानपुर निवासी चंद्रशेखर पुत्र छविलाल, छींबो निवासी रंजना पांडेय पत्नी बराती लाल, गांधीगंज निवासी जगदीश गौतम पुत्र जयनारायण, रामनगर निवासी उदित नारायण पुत्र हरीदास, रसिन निवासी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय पुत्र राजाराम व तौरा निवासी डा. निर्भय सिंह पुत्र शिवकुमार ने पर्चा खरीदा है। अबतक कुल 15 पर्चें बिक चुके हैं। जिसमें एक का नामांकन हुआ है।
आज व कल बंद रहेगा नामांकन
चित्रकूट। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी जीपी सिंह ने बताया कि 28 सितंबर को चतुर्थ शनिवार व 29 सिंतंबर रविवार को अवकाश के कारण नामांकन पत्र रिटर्निंग आफीसर के समक्ष प्रस्तुत नहीं हो सकेेंगे। इसके बाद 30 सिंतबर सोमवार को ही नामांकन का अंतिम दिन भी है।