अनुदेशकों को समझाते बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
एक जुलाई से जिले भर के अनुदेशक नवीनीकरण कराने के लिए अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। 25 दिन बाद भी नवीनीकरण न होने पर आक्रोशित अनुदेशकों ने सोमवार को बीएसए कार्यालय के सामने धरना देकर बीएसए का घेराव किया। इसके बाद बीएसए ने नवीनीकरण का आश्वासन दिया।
उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर यादव के नेतृत्व में अनुदेशकों ने रिमझिम बारिश के बीच धरना दिया। तीन घंटे तक धरने पर बैठे अनुदेशकों ने बीएसए को कार्यालय के बाहर घेर लिया और अपनी मांग रखी। इस पर बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने अनुदेशकों को समझाकर शांत कराया और कहा कि दो दिन के अंदर नवीनीकरण प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। जिसके बाद धरना व घेराव समाप्त हुआ। इस मौके पर जितेंद्र त्रिपाठी, श्रीकेशन, रेखा तिवारी, सुमन पटेल, अर्पणा त्रिपाठी, ममता विश्वकर्मा, दीपमाला सिंह, उस्मान अली, आनंद पांडेय, वंदना, सरिता, रमेश , जयसिंह, कुलदीप व प्रकाश आदि मौजूद रहे।