जिले में कोहरे व ठंड का फायदा चोर उठा रहे है। शुक्रवार की रात चोरों ने पांच दुकानों की शटर काटकर करीब एक लाख का माल पार कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस टीम ने चोरों की घेराबंदी की तो शिवरामपुर में कुछ माल छोड़कर भाग निकले।
रैपुरा थाने के भौंरी कस्बा में चोरों ने नंदुल केशरवानी, पिंकू गुप्ता, विनय केशरवानी, सरजू सोनी व राजेश राजपूत की एक ही क्रम में बनी दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने शटर काटकर यहां से करीब एक लाख का माल पार कर दिया। शनिवार की सुबह कस्बा वासियों ने जब दुकानों के शटर खुले देखे तो इसकी जानकारी दुकानदारों को दी।
सूचना पर रैपुरा थानाध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वायड टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। यह दुकानें जनरल स्टोर, किराना, कपड़ा व सर्राफा की हैं। पुलिस ने टीम बनाकर चोरों की तलाश शुरू की। शिवरामपुर रेलवे स्टेशन के पीछे एक डेरे में कुछ संदिग्ध युवकों की सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो वे भाग निकले। शिवरामपुर चौकी प्रभारी श्यामसुंदर ने बताया कि मौके से लगभग 30 हजार के कपड़े, खाद्य सामग्री आदि बरामद हुई है। जिसकी सूचना रैपुरा थाने दी गई है। पीड़ित दुकानदारों ने बरामद सामान को पहचान लिया। पुलिस का कहना है कि टीम लगी है। जल्द ही आरोपियों को कपड़ा जाएगा।