मानिकपुर(चित्रकूट)। डाकू गौरी यादव गैंग की तलाश में जंगलों में कांबिंग कर रही बहिलपुरवा थाना पुलिस ने सोमवार सुबह गैंग के एक मददगार को दबोचा है। उसके पास से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री मिली है। वह गैंग के सदस्यों के लिए खाद्य सामग्री ले जा रहा था।
बहिलपुरवा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि सोमवार को थानाक्षेत्र के फड़ेसर बाबा मंदिर के पास कुछ संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की जानकारी पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद छोटी बेलहरी गांव निवासी राममिलन(54) पुत्र रामगोपाल भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया।
उसके पास से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री मिलने पर पूछताछ की गई, तो पता चला कि वह डाकू गौरी गैंग का मददगार है और वहां सामग्री पहुंचाने जा रहा था। बताया कि वह पहले भी कई तरह से गैंग की मदद कर चुका है।
इसके बाद एसपी अंकित मित्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ददरी, घाटाकोलान, माड़ो बंधा के जंगलों में गौरी गैंग की धरपकड़ को कांबिंग की। इस दौरान बहिलपुरवा थाना प्रभारी निरीक्षक, एसपी पीआरओ दिनेश कुमार सिंह व ददरीमाफी चौकी प्रभारी शेषमणि त्रिपाठी मौजूद रहे।