20 सीकेटीपी-07- गड्ढों से पटी सड़क। संवाद
चित्रकूट। भरतकूप के प्रसिद्ध भरत मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति खस्ताहाल है। डेढ़ किमी के रास्ते में लगभग सौ गड्ढे हैं। घरों व बारिश का पानी भरा रहता है। अक्सर श्रद्धालु गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
भरतकूप का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व अत्यधिक है। यहां के कूप के जल से स्नान करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। हर दिन करीब दो से तीन हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन गड्ढों से भरी सड़क और कीचड़ से भरा रास्ता यात्रा को बेहद मुश्किल बना देता है।
कई बार उठाई समस्या, समाधान नहीं मिला
प्रतापगढ़ से आए राहुल सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि गाड़ी पंचर ही हो गई है। अब उसे बनवाने के लिए जा रहे हैं। इतना धार्मिक महत्व होते हुए मंदिर तक रास्ते का निर्माण न होने निंदनीय है। कम से सड़क का निर्माण तो होना चाहिए।
स्थानीय निवासी जयकेश कुमार ने बताया कि इन गड्ढों में फंसकर आए दिन कोई न कोई गिरकर चुटहिल हो रहा है। इसके साथ रास्ते से उड़ रही धूल के कारण परेशानी का सबब बनी हुई है। कई बार सड़क को बनवाने की मांग को लेकर मांग पत्र दे चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
बोले जिम्मेदार
सड़क पर पानी भरने की वजह से गड्ढे हो जाते हैं। सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, मंजूरी नहीं मिली है। अब फिर से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। - बलराम प्रजापति, सहायक अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड