भाजपा की सरकार ढोंगियों की सरकार है। मोदी ने सत्ता पाने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया। विकास और कल्याणकारी कार्यों के बूते आगामी विधानसभा चुनाव में सपा का प्रदेश में परचम लहरायेगा। ये बातें मंत्री शिवपाल सिंह ने प्रेस से कहीं।
उन्होंने कटाक्ष किया, धर्म परिवर्तन कराने वाले क्या बाद में इन लोगों की शादी भी अच्छी जगहों पर कराएंगे ?
शिवपाल ने कहा कि धर्म परिवर्तन कराकर केंद्र अपनी नाकामी छिपा रही है। भाजपा में सभी ढोंगी हैं। काला धन वापसी की बात कही, पर सब बातें ही रहीं।
ये लोग कुछ नहीं बोलते, सिर्फ झूठ बोलते हैं। उधर, राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में उन्होंने समाजवादी पेंशन के दस पात्रों को परिचय, वितरण प्रमाणपत्र दिए। जिले के पांच हजार लोगों के खाते में पांच सौ रुपए की दर से राशि भेजी जा चुकी है।
जिले में हर तहसील में अलाव और कंबल के लिए धनराशि भेजी गई है। कोताही करने पर तहसीलदार और उपजिलाधिकारियों के खिलाफ डीएम को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी नीलम अहलावत ने बताया कि जिले में 49,417 लाभार्थी हैं, जिनमें 4918 का चयन हो चुका है।
आज पांच सौ को पासबुक दे दी गई है। इनके खाते में आठ माह का धन पहुंच चुका है। इस मौके पर जीजीआईसीकी छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना गाकर शुरुआत की।
इस मौके पर आयुक्त मुरलीधर दुबे, डीआईजी बीआर मीणा, सीडीओ एनपी सिंह, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार, एसडीएम नरेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज, प्रभारी एसपी आरडी चौरसिया मौजूद रहे।