चित्रकूट/खोही। आरएसएस प्रमुख डा. मोहन भागवत ने बुधवार की देर शाम को जगद्गुरु रामभद्राचार्य समेत कई अन्य संतों से मुलाकात उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश के वर्तमान हालात से लेकर केंद्र व प्रदेश की सरकार के कामकाज का फीडबैक लिया। कोरोना महामारी से राष्ट्र को नुकसान व बचाव को लेकर लंबी वार्ता हुई। राष्ट्र निर्माण में सभी वर्ग के सहयोग की अपेक्षा भी गई। संघ प्रमुख के हिंदू-मुसलमान सभी देशवासियों का डीएनए एक के बयान पर जगद्गुरु ने कहा कि वह वह इससे इत्तेफाक नहीं रखते हैं।
अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक में शामिल होने चित्रकूट आये संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत बुधवार की शाम सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, डा. मनमोहन वैद्य के अलावा श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय के साथ प्रमोदवन स्थित श्री तुलसी पीठ में जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मुलाकात करने पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच लगभग डेढ़ घंटे तक तुलसी पीठ पर रहे।
इस दौरान जगद्गुरु ने संघ प्रमुख से कहा राष्ट्र देवो भव की अवधारणा से ही काम करने और सभी देशवासियों के मन का विकास कराने से ही राष्ट्र की प्रगति होगी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और चित्रकूट जिले के विकास को लेकर लंबी वार्ता हुई। भगवान श्रीराम के आदर्शों पर वार्ता के दौरान इसका व्यापक प्रसार करने को कहा। हाल ही में संघ प्रमुख के हिंदू-मुस्लिम का एक डीएनए वाले बयान पर जगद्गुरु ने संघ प्रमुख से कहा कि यह बयान उनके अनुकूल नहीं लगता है। इसके बाद आरएसएस की बैठक की सफलता का आशीर्वाद दिया।
जानकी महल के महंत से लिया आशीर्वाद
चित्रकूट/खोही। बुधवार को जानकी महल के महंत सीताशरण दास आरोग्यधाम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बुलावे पर पहुंचे। उन्होंने लगभग एक घंटे तक चित्रकूट के संतों के विचारों और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।