चित्रकूट। दिव्यांग आटो चालक से कार सवारों ने मारपीट कर ऑटो व नगदी लूट ली। निर्वस्त्र कर वीडियो भी बनाया। गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखे जाने की तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मणिकुंज तरौंहा निवासी दिव्यांग आटो चालक अमित सोनी ने बताया कि सोमवार को वह पहाड़ी तक सवारी लेकर गया था। इसी बीच दो युवकों ने उसका आटो राजापुर के लिए बुक कराया। जब देर शाम को वह दोनों को राजापुर में छोड़कर लौट रहा था प्रसिद्धपुर गांव के पास आते ही एक कार उसके पास रुकी और दो युवक उतरे। दोनों ने उसे घसीट कर कार में बैठा लिया और राजापुर की ओर ले गये। इसी बीच अन्य दो युवक उसका आटो लेकर अन्य दिशा में भाग निकले। रास्ते में ही उसे जबरन शराब पिलाई और मोबाइल समेत नगदी छीन ली। विरोध करने पर उसे निर्वस्त्र किया और बेरहमी से पीटकर सूनसान स्थल पर फेंककर भाग गये। कुछ देर बाद वहां से राहगीर गुजरे तो उनकी मदद से परिजनों को फोन कराकर जानकारी दी। जब पता चला कि महेवा घाट किनारे उसे फेंका गया है। घायल के मामा मुन्ना सोनी निवासी राजापुर ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय कौशांबी में भर्ती कराया। बुधवार को पहाड़ी थाने में पीड़ित ने तहरीर देकर हमलावरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने और ऑटो दिलाने की मांग की है।