ग्राहकों को रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट की रसीदें समय से नहीं मिल पा रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
राजापुर(चित्रकूट)। नगर में स्थित उप डाकघर का लगभग छह महीने से प्रिंटर खराब है। इससे डाकघर कर्मी के साथ ग्राहक भी परेशान है। रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट की रसीदें ग्राहकों को समय से नहीं मिल पाती हैं। मजबूरी में कर्मचारियों को हाथ से रसीद बनाकर देना पड़ रहा है।
कस्बा के रहने वाले उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सतीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रिंटर खराब होने से न केवल व्यापारी वर्ग बल्कि शिक्षित, बेरोजगार युवाओं और आम नागरिकों को भी परेशानी हो रही है। आए दिन रसीदों को लेकर वाद-विवाद भी होता है। तब जाकर हाथ से रसीद मिलती है।
वहीं सभासद शंकरदयाल जायसवाल ने कहा कि छह महीने से खराब प्रिंटर को बनवाने के लिए कई बार डाक अधीक्षक से मांग की गई, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। मशीन उसी तरह खराब पड़ी है। इस संबंध में उप डाकपाल मनोज पांडेय ने बताया कि प्रिंटर खराब होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है। इसके लिए पत्राचार, ई-मेल तथा फोन के माध्यम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मशीन खराब होने से डाकघर में कामकाज प्रभावित होते हैं।