चित्रकूट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चित्रकूट में देश भर से आए किसानों की प्रगति को देखकर खुश हुए। साथ ही किसान उत्पादों की प्रदर्शनी को देखकर मंच पर कहा कि किसानों से मिलकर और उनसे बात करके उनका सीना चौड़ा हो गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि किसानों के लिए शुरू हुई योजना किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के जरिए किसान अब व्यापार भी करेगा। उन्हाेंने कहा कि स्वायल टेस्टिंग, हेल्थ कार्ड, सिंचाई परियोजनाएं, हर स्तर पर सरकार किसानों की प्रगति के लिए काम कर रही है। बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का एक वर्ष पूरा हो गया है। इस योजना के तहत देश भर के किसानों के खाते में 50 हजार करोड़ की राशि भेजी जा चुकी है। चित्रकूट सहित यूपी के दो करोड़ किसानों के खाते में 12 हजार करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं। इस योजना के तहत साल भर में छह हजार की राशि दी जाती है। जो दो-दो हजार की किश्त में रूप में खाते में जमा की जाती है। सीधे खाते में भेजने से बिचौलियों और साहूकारों का कोई दखल नहीं होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भी बुंदेलखंड के किसानों के लिए हजारों करोड़ के पैकेज घोषित होते थे लेकिन लाभ नहीं मिलता था। अब दिल्ली से जो योजना जारी होती है सीधे किसानों तक पहुंचती है। पीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल योजना से जुड़ना अब स्वैच्छिक कर दिया गया है। इसी तरह किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा जा रहा है। मोदी ने बताया कि जो किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पा रहे हैं, वे किसान क्रेडिट कार्ड के भी हकदार होंगे। बताया कि 13 हजार की बीमा राशि के सामने किसानों को 56 हजार करोड़ की बीमा राशि दी जा चुकी है। इस वर्ष के बजट में भी किसानों के लिए कई फैसले लिए गए है। बताया कि गांव की किसान मंडियों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ा जाना बाकी है। सरकार इस पर काम कर रही है। 22 हजार ग्राम हाट में भी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इससे किसानों को अपनी उपज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि किसानों की ताकत का प्रयोग एफपीओ के जरिए किया जाएगा।