समाजसेवा की भावना जागृत होने से व्यक्तित्व का विकास
होता है। छोटे-छोटे लोकोपकारी कार्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक
दायित्व बोध कराते हैं।
ये बातें महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय
विश्वविद्यालय चित्रकूट की एनएसएस बालिका इकाई की कार्यक्रम अधिकारी नीलम
चौरे ने कही। वे सुरेंद्र पाल ग्रामोदय विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना
के साप्ताहिक विशेष शिविर के उद्घाटन पर बोल रही थीं। कार्यक्रम की
अध्यक्षता प्रधानाचार्य मदन तिवारी ने की।
उन्होंने कहा कि शिविर
से भाग लेने से छात्र-छात्राओं में सेवा भाव तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की
भावना जगती है। कार्यक्रम अधिकारी सत्यनारायण शुक्ला ने बताया कि सात दिनों
तक चलने वाले इस शिविर में छात्र-छात्राएं रात-दिन रुककर कामतानाथ पर्वत
के आसपास की पॉलीथिन, गुटखे के पाउच और गंदगी की सफाई करेंगे।
साथ
ही लोगों को इसके दुष्प्रभाव से जागृत करेंगे। प्रधानाचार्य कालका प्रसाद
श्रीवास्तव ने साप्ताहिक शिविर की भावी गतिविधियों से स्वयंसेवकों को अवगत
कराया। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अशोक दीक्षित के निर्देशन में
शिविरार्थी सुभद्र देव सिंह तथा सचिप्रिया ने किया।
इस अवसर पर
गुरुकुल संकुल के प्रभारी हरीराम सोनी तथा शिविर स्थल लोधी राजपूत धर्मशाला
के प्रबंधक, संत सहित विद्यालय के शिक्षक शिवशंकर पांडेय, अरविंद पुरोहित
तथा राजमन विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।