राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने धर्मनगरी से संदेश दिया कि अपने मिशन में सभी मिलजुल कर डटे रहें। संगठन को मजबूत बनाने में एक एकदूसरे का सहयोग करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यूपी चुनाव की जानकारी भी ली।
डीआरआई परिसर में चल रहे ग्रामोदय मेले में शामिल होने आए आरएसएस के सर संघ चालक मोहन भागवत भारी सुरक्षा के बीच रविवार को धर्मनगरी पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर बेहद संक्षिप्त बातचीत के बाद वह चित्रकूट रवाना हो गए। आरोग्य धाम पहुंचकर उन्होंने आराम किया। दोपहर को उन्होंनें हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के साथ भोजन किया।
इसके बाद आरोग्य धाम में कई लोग सरसंघ चालक से मिलने पहुंचे, लेकिन वह किसी से नहीं मिले। हालांकि कुछ केंद्रिय मंत्रियों ने अपनी हाजिरी जरूर लगाई।
शाम को भागवत ने आरएसएस के महाकौशल प्रांत के पदाधिकारियों व प्रचारकों के साथ बैठक की। बैठक पूरी तरह से गोपनीय रखी गई। सूत्रों के अनुसार बैठक में आरएसएस प्रमुख ने यूपी में चल रहे विधानसभा चुनाव की समीक्षा की। इसके बाद मप्र में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव में संघ की रणनीति बनाई। क्षेत्र संघ चालक व प्रचारकों ने महाकौशल प्रांत में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस पर संघ प्रमुख ने कहा कि सब मिलकर अभियान में काम करें।
किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी। संगठन मजबूत होगा तो सभी को लाभ होगा। आने वाले मप्र चुनाव में भी संघ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। इस मौके पर संघ के अखिल भारतीय अधिकारी मदनदास, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सेवा विभाग के डा.दिनेश कुमार, क्षेत्रीय प्रचारक अरूण जैन, क्षेत्र संचालक अशोक सोहनी आदि मौजूद रहे।