चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर पाही गांव निवासी एक गृहस्वामी दो माह से अपने घर में हुई लगभग तीन लाख से अधिक की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर लगा रहा है। सांसद के पति ने भी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पीडि़त ने दावा किया कि इलाकाई दरोगा ने रिपोर्ट दर्ज करने के एवज मेंं पांच हजार रुपये भी लिये।
शुक्रवार को कालूपुर पाही निवासी मो. सईम ने बताया कि 11 अप्रैल की रात को उसके घर की खिडक़ी के रास्ते अंदर आकर कमरे में रखे जेवर व लगभग 50 हजार नकद कुल लगभग तीन लाख की चोरी की। इस संबंध में कुछ लोगों पर शक भी जताया। बताया कि कोतवाली में लगातार रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज करने के एवज में इलाकाई दरोगा ने पांच हजार रुपये भी लिये हैं लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसकी ऑडियो रिकार्डिंग भी होने का दावा किया है। इसमें दरोगा कह रहा है कि तुमने अपनी मर्जी से रुपया दिया है।
पीड़ित ने यह भी बताया कि सांसद कृष्णा पटेल के पति पूर्व राज्यमंत्री शिवशंकर पटेल ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा है, लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि गृहस्वामी ने बताया कि उनका पारिवारिक मामला है। इसे लेकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार नहीं किया गया है। दरोगा की ऑडियो रिकार्डिंग के बारे में बताया कि उनके संज्ञान में अभी यह मामला नहीं आया है।