चित्रकूट। कौशांबी की युवती की हत्या कर शव फेंकने के मामले पुलिस ने प्रेमी समेत चार आरोपियों को पकड़ा है। अभी पुलिस दो अन्य की तलाश कर रही है। इसमें खुलासा हुआ है कि प्रेमी और उसके साथियों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म भी किया था।
सोमवार को एसपी एके सिंह ने बताया कि छह मई को राजापुर थाना क्षेत्र के तीरमऊ गांव के पास नाले के किनारे युवती का शव मिला था। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। हल्का इंचार्ज कन्हैयालाल बख्श की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं।
टीम ने इस मामले में मऊ थाना क्षेत्र के भिटरिया निवासी मोहन निषाद, राजापुर थाना क्षेत्र के टिकरा मजरा सिरावल निवासी रोहित निषाद, दुर्गा प्रसाद और मैकू सिंह को रविवार की रात खुरहा बाबा मंदिर के पास छीबो रोड राजापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में रोहित निषाद ने बताया कि 30 अप्रैल को साथी मोहन निषाद के साथ बाइक से कौशांबी के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रेमिका को बहला ले आया था। इसके बाद मोहन के पास ईंट भट्ठे पर चला गया। पांच मई को मोहन के साथ घर आया।
युवती दूसरे समुदाय की होने पर परिजनों ने स्वीकार नहीं किया। ऐसे में रोहित प्रेमिका को अपने नए घर में ले गया। आरोप है कि उसने और साथियों ने युवती से दुष्कर्म किया और दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। दुर्गा प्रसाद की पिकप लेकर चचेरा भाई आया और शव नाले के पास फेंक दिया था। इसके बाद मोहन के साथ वह सूरत चला गया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया, दो अन्य की तलाश कर रही है।