चित्रकूट। प्रेमी से शादी न हो पाने से आहत युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। युवती की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शादी हो चुकी थी। मामला रैपुरा थाना क्षेत्र के गहोरा खास का है।
गहोरा खास निवासी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि भतीजी हेमा देवी (21) की 18 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में सरधुवा निवासी अमित कुमार के साथ शादी हुई थी। सात जून को घर से (परंपरागत तरीके से) शादी होनी थी। भतीजी का उसकी बुआ के परिवार के एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। उसी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। दो दिन पहले प्रेमी के पिता को बुलाकर समझाया गया था।
पंचायत में युवक के परिजनों ने रिश्तेदारी होने के कारण युवती को अपनाने से इन्कार कर दिया था। प्रेमी से शादी न हो पाने से भतीजी आहत थी। इसी कारण मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर सीएचसी रामनगर लेकर गए। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर रेफर कर दिया गया। बुधवार की सुबह बांदा मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। रास्ते में मौत हो गई। थाना प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि परिजन प्रेमी से शादी न हो पाने का कारण बता रहे हैं।