चित्रकूट। शहर की एक युवती ने अपने पिता के लापता होने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि उसके पिता 19 अप्रैल को ड्यूटी पर गए थे और तब से उनका कोई पता नहीं चला है।
युवती ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पिता को ढूंढने की मांग की है। उसने बताया कि 2022 में दिल्ली में उसकी बातचीत गुलशन नामक युवक से हुई। गुलशन और उसके परिवार ने युवती व उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय और महिला थाने में की गई थी, पर कार्रवाई नहीं हुई। सांसद कृष्णा पटेल ने भी पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में कार्रवाई की बात कही। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।