कोतवाली क्षेत्र के ए गांव में चार साल की बच्ची से गांव के ही दो किशोरों ने दुष्कर्म किया। घटना के एक सप्ताह बाद बालिका की हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई, तो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को पकड़कर बालिका को मेडिकल के लिए भेजा है। दोनाें आरोपी 10-12 साल के छात्र हैं।
भुक्तभोगी बालिका के पिता ने बताया कि 29 सितंबर की शाम को उसकी पुत्री गांव के रास्ते घर आ रही थी, तभी गांव के ही दो किशोर बहला फुसलाकर उसे अपने मामा के घर ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर घर में न बताने का कहकर भेज दिया। पुत्री ने दो दिन तो कुछ नहीं बताया, लेकिन कुछ अंगों में लगातार तकलीफ बढ़ने पर उसकी मां ने पुत्री से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना बता दी।
यह सुनते ही परिवार सकते में आ गया। भुक्तभोगी परिवार ने पहले आरोपियों के घर उलाहना दिया और इसके बाद शनिवार सुबह कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व पास्को एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों को गांव से पकड़ लिया गया है और बालिका को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एक आरोपी कक्षा छह और दूसरा कक्षा सात का छात्र है।