फोटो 16 सीकेटीपी-10- परिचय- बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने के बाद उनके साथ मौजूद बीएसए बीके
चित्रकूट। शिक्षा से वंचित परिवार के पांच बच्चों को डीएम की पहल पर स्कूल में प्रवेश दिलाया गया। इन बच्चों को स्कूल ड्रेस के साथ, आवास, भोजन व कॉपी किताब दिलाने का भरोसा भी दिया गया है।
मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने बताया कि रमेश व उनकी पत्नी उर्मिला और पांच बच्चे कुंदन (12), शिवानी (10), शिवमूरत (8), तेजबली (3), मोहब्बत (5)आठ साल से कटनी मध्य प्रदेश में रोजी रोटी के लिए रहते हैं। यह परिवार 15 दिन पूर्व मनगवां मजरा टिकरिया तहसील मानिकपुर में आया। परिवार का यह मूल निवास स्थान है। आर्थिक तंगी के चलते इन बच्चों की परवरिश सही तरीके से न हो पाने और स्कूल में नाम न लिखा होने की जानकारी डीएम शिवशरणप्पा को हुई तो उन्होंने इसकी पहल कराई। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अध्यापको द्वारा पात्र बच्चों को पड़ोस में संचालित कंपोजिट विद्यालय टिकरिया में प्रवेश करा दिया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में कराए गए हाउस होल्ड सर्वे के समय गांव में रहने वाली रमेश की मां द्वारा यह बताया जाता रहा कि बेटा और बहू अपने बच्चों के साथ कटनी में रहता है। जिससे इन सभी बच्चों का विद्यालय में प्रवेश नहीं हो सका था।
डीएम के निर्देश के अनुसार अध्यापकों की टीम घर पर पहुंची और बच्चों को स्कूल में आयु संगत कक्षाओं में उनका दाखिला कराया गया। डीएम ने नाजिर कलेक्ट्रेट अरुण कुमार शुक्ला को निर्देशित किया कि राइफल क्लब से पांच हजार रुपये तत्काल आर्थिक सहायता छोटी बच्ची के नाम दिया जाये। उप जिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम को निर्देशित किया कि सभी बच्चों सहित परिवार के रहने के लिए आवास और नियमित रूप से भोजन की व्यवस्था करें। राशन कार्ड व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।