फोटो 12सीकेटीपी 26 निरीक्षण में जानकारी लेते डीएम पुलकित गर्ग व अन्य। संवाद
चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बृहस्पतिवार को किशोर न्याय बोर्ड और राजकीय संप्रेषण गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्टोर रूम में अव्यवस्था मिली। उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिन में सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संप्रेषण गृह के परिसर की जानकारी ली। परिसर किराए पर होने की सूचना पर उन्होंने बच्चों के शारीरिक विकास हेतु खेल के लिए लाइनिंग बनवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके गृह जनपद व दिनचर्या के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि उन्हें मीनू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण नाश्ता और भोजन मिल रहा है। बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने अतीत भूलकर भविष्य बनाने पर ध्यान देने को कहा।
शिक्षण व सुरक्षा के निर्देश
शिक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षकों से विषयवार चर्चा की। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को बच्चों के ज्ञानवर्धन हेतु प्रतिदिन हिंदी और समाचार पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामान्य ज्ञान के अध्यापक को समसामयिक विषयों से अवगत कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने सीसीटीवी निगरानी कक्ष का निरीक्षण कर सभी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा सुरक्षा के लिए जाली लगवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।