प्रधान पद के सभी परिणाम घोषित हो चुके हैं लेकिन सदर ब्लाक के सकरौली के हारे प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि जीते प्रत्याशी के इशारे पर मतपेटियों से छेड़छाड़ की गई। मतदान के दौरान अंकित मतों की संख्या में मतगणना के दौरान 25 मत कम निकले।
सोमवार को सकरौली के शिवप्रकाश, अखिलेश, गिरीश चंद्र, शिवदयाल, अमृतलाल, शिवसागर, सत्यनारायण, रामनरेश, बद्री प्रसाद, शत्रुघन, भगवानदीन, दिनेश, बालकृष्ण, बुद्धू व कुबेर आदि ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि उनके गांव से जीते प्रधान के इशारे पर की मतपेटियों से छेड़छाड़ की गई है।
मतगणना के दौरान सीलबंद मतपेटी न होने पर एजेंटों ने आपत्ति की तो कर्मचारियों ने अनसुना कर दिया। पडे़ मतों में करीब 25 मत कम मिले, कई मतपत्र कटे फटे मिले व अलग वार्डों व बूथ के मतपत्र भी मिले हैं। जिससे धांधली होने की पूरी आशंका है। सभी प्रदर्शनकारियों ने एडीएम से पुन: मतदान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने राज्य चुनाव आयोग को भी पत्र लिखा है।