चित्रकूट। भरतकूप क्षेत्र की पहाड़िया संपर्क मार्ग से धतुरहन पुरवा तक क्षतिग्रस्त सड़क की अब मरम्मत होगी। साथ ही उस पर रपटा पुल का भी निर्माण कराया जाएगा। पिछले साल बारिश में यह सड़क चार जगह पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस निर्माण के लिए जिला पंचायत ने करीब 70 लाख का प्रस्ताव तैयार किया है।
दस माह से मरम्मत न होने के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। अमर उजाला में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी खबर प्रकाशन का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार और कनिष्ठ अभियंता राकेश कुमार ने मौके का स्थलीय जायजा लिया था।
उन्होंने मौके पर बारिश से चार स्थानों पर मार्ग क्षतिग्रस्त पाया, साथ ही वहां पर निर्मित पुलिया भी बह गई थी। मुआयने के बाद जिला पंचायत ने क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त करने के साथ वहां पर रपटा पुल बनाने का फैसला लिया और उन्होंने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। 70 लाख का प्रस्ताव बनाने के बाद उसे शासन को भेजा गया है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि तेज बारिश के कारण सड़क बह गई थी। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने के साथ वहां पर रपटा पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।