घर के सामने जुआ खेलने से मना करने पर आरोपियों ने
गांव के बाहर दंपति पर जानलेवा हमला किया। सोने की जंजीर व नगदी छीनने का
विरोध करने पर फायरिंग भी झोंक दी, जिससे दंपति बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने
दंपति को धारदार हथियार से हमलाकर घायल कर दिया।
शिवरामपुर चौकी
क्षेत्र के इटखरी निवासी बालकृष्ण तिवारी पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि
शनिवार की सुबह वह बीमार पत्नी रामलली का जानकीकुंड से इलाज कराकर बाइक से
घर लौट रहा था।
जैसे ही वह भैसौंधा गांव के मोड़ पर पहुंचा तो वहां पहले से
घात लगाए बैठे तीन युवकों ने बाइक रोककर हमला कर दिया। पत्नी की सोने की
चेन व उसके जेब में रखी नगदी आरोपियों ने निकाल ली।
इसका विरोध करने पर एक
आरोपी ने तमंचे से फायर झोंक दिया लेकिन गोली न लगने से दंपति बच गए। इसके
बाद दंपति को धारदार हथियार से घायल कर भाग निकले।
ग्रामीणों की मदद से
घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बालकृष्ण ने बताया
कि शुक्रवार को गांव के जगमोहन, नंदू व मुन्नीलाल उनके घर के सामने जुआ खेल
रहे थे। इसका विरोध कर तीनों को भगा दिया था। इस कारण ही तीनों ने उन पर
हमला किया है। शिवरामपुर चौकी प्रभारी श्यामसुंदर ने बताया कि तीनों
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।