चित्रकूट। जिले में एनपीके खाद की बढ़ती कीमतों ने किसानों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। पिछले वर्ष 1400 रुपये में मिलने वाली एनपीके खाद की बोरी अब 2100 रुपये में मिल रही है। इससे प्रति बोरी करीब 700 रुपये की वृद्धि हुई है। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने जिलाधिकारी को पत्र देकर किसानों को राहत दिलाने की मांग की है।
मोर्चा के मुकेश कुमार ने कहा कि किसान महंगे बीज, डीजल और बिजली की लागत से पहले ही परेशान हैं। उन्होंने एनपीके खाद की बढ़ी हुई कीमतों की जांच कराने और उनमें कमी करने की मांग की। मुकेश कुमार ने खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कार्रवाई तथा सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि किसान केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी मेहनत के अनुरूप राहत चाहते हैं। इस दौरान अनुपम पटेल, प्रदीप, चंद्रशेखर सिंह, हरवेश प्रसाद समेत मौजूद रहे।